हम बोले…बम बम भोले!
पिछले कुछ दिन से सोच रहे हैं कि लिखें पर लिख ही नही पाये । जिसके घर का चूल्हा तीन दिन से न जला हो वो लिखे भी तो कैसे ! तो हम बस दाल- रोटी की याद में किनारे पड़े रहे । सारी मनोकामनाओं को दरकिनार कर प्रभु से रोज़ यही कहा कि खीरा, टमाटर और ब्रैड कब तक खाँऊ !! च्यास इतनी लगी है कि क्या कहूँ । बाहर का खाना खा खा के पेट कल्ला रहा है । अब तो दया करो नाथ! आज तो गैस का सिलेंडर भेज ही दो दीनदयाल । प्रभु ने भी आज जा के सुध ली । गैस वाला आ गया । बोला २९३ रुपये हुए । हमने खुशी-खुशी ५०० का पत्ता थमाया । कहा ३ रुपये खुले देते हैं । पर ई का ! उसने ३ सौ सौ के नोट थमा दिये । “आप ९३ रुपये खुले दे दो” । अब हम इतने खुले पैसे कहाँ से लायें । पिछली बार भी ऐसा हुआ था । बंदे के पास खुले नही थे । अन्ततः हमने ६ रुपये अधिक दे के गैस ली थी । हमें लगा हो ना हो हमें मूर्ख बनाया जा रहा है । हमने कहा भाई देखो शायद हो एक १० का नोट । इतने खुले पैसे तो हैं नहीं मेरे पास । पर नहीं …रूखा सा जवाब मिला…सब खुले खतम । अब या तो हम खुले ढूँढे या फिर ७ रुपये अधिक दें । हमने भी सोचा ..बेटा लाओ आज तुम्हें ही ठीक करें । अन्दर जा के अपना रेज़गारी का डब्बा निकाला । ५ के छः सिक्के, २-२ के इक्कीस, १ का एक और बीस का नोट निकाल हाथ में धर दिया । भैया जी की सूरत देखने लायक थी । “हमारे पास तो यही हैं, बड़ा ढूँढ कर निकाले” कहकर हमने विजयी मुस्कान के साथ धम्म से दरवाज़ा बंद कर लिया । मन में सोचा “हाँ नहीं तो, सबको उल्लू समझते हैं । मै क्यूँ दूँ चवन्नी भी ज़्यादा” । फिर गिलास भर कर चाय बनायी….जिससे कि पिछले दिनों चाय न मिलने से हुई से हुयी विटामिनों की कमी की पूर्ति हो जाये । अब लिखास दूर करने के लिये लिखने बैठे हैं ।
इस सप्ताहांत हम झाँसी के दौरे पर थे । झाँसी मतलब ससुराल । कुछ ज़रूरी काम था और नाग पंचमी का उत्सव भी । हमारे ससुराल मे इस दिन बड़ी ज़ोर शोर से पूजा होती है । असल में पापा ने एक मंदिर बनवा रखा है घर के बाहर । और समय के साथ इसकी मान्यता भी बढ़ती जा रही है । इसलिये लगभग हर तीज-त्यौहार पर मेले का सा नज़ारा हो जाता है । शादी को तीन साल हो गये पर कभी किसी ऐसे मौके पर जाना ही नहीं हो पाता था । इस बार मौका लग गया । शनिवार का सारा दिन अमित के काम में निकल गया । रात को थक कर कूलर के ऐन सामने जो धराशायी हुए तो सुबह जल के छीटों से ही आँख खुली । मम्मी पूजा करके सुबह सुबह घर भर में पूजा का जल छिड़कती हैं । हाय राम आठ बज गये - हम धक्क रह गये । पर मम्मी ने सर पर हाथ फेर कर कहा “रात में बहुत थक गयी थी इसलिये नहीं जगाया । चाय पी लो और १० बजे तक तैयार हो जाना” । जान में जान आयी । तब तक पापा की आवाज़ आयी “मोटी॓ऽऽऽऽ…जग गयी क्या” । “पाऽऽऽऽपा..हो जाऊँगी फिर से पतली…मैने एक्सर्साइज़ भी शुरू कर दी है” मैने मुँह लटका के पापा को समझाना शुरू किया । “अरे बेटी…हम तो ऐसे ही चिढ़ा रहे थे । ऐसी ही रहो । पतली हुई तो बाज़ूबंद ज़ब्त” पापा ने लाड़ से कहा । मेरे देवर की सगाई पर होने वाली देवरानी बाजूबंद पहनी थी…असली कि नकली पता नहीं । पर पापा को धुन लग गयी कि बड़ी बिटिया (बहू) के पास भी होना चहिये एक । अगले ही दिन एक सोने का बाजूबंद आ गया । अब जब पतले होने की बात करो उसी के ज़ब्त होने की धमकी देते हैं हमारे श्वसुर । अब उन्हें क्या कहूँ कि बाज़ूबंद कलाईबंद हुआ जा रहा है ।
बाहर सुबह ५ बजे से ‘ऊँ नमः शिवाय’ की धुन बैठ गयी थी । ढोल मँजीरों के साथ ‘ऊँ नमः शिवाय’ का जाप बड़ा मधुर सुनाई देता था । मंदिर सज गया था । इस बार शिव जी का अभिषेक मुझे और अमित को करना था । हम दोनों ही नहा धो के मंदिर पहुँच गये । मंदिर में इतनी चहल पहल तो मैनें पहली बार देखी । मंदिर के परिसर में रहने वाले खरगोश, कबूतर, बत्तखें, मछलियाँ और एक बँदरिया सभी मानो उत्सव मना रहे थे । पेड़ॊं पर झूले पड़े थे जिसके आस पास बच्चों का हुजूम था । रंग बिरंगी कंपट बेचने वाली, आइसक्रीम वाला और गुब्बारे वाला मंदिर के बाहर डेरा डाले थे । हम मंत्र मुग्ध से भक्तिमय वातावरण मे खोये ही हुए थे कि मंदिर में एक भयंकर आदमी के अभिवादन से हमारी तंद्रा टूटी । चक्क काला रंग, चेहरे पर बहुत से धब्बे, ऊँचा कद और लाल आँखे । हमने सोचा - ये कौन ? “बहू जी आपको साहब बुला रहे हैं “, व्यक्ति ने कहा । पापा बुला रहे थे । अमित भी पीछे पीछे आये । “पापा इसे भी दिखाइये ना… ” अमित ने पापा से कहा । अब तक कुछ भी हमारी समझ नहीं आया था । “लाओ लाखन, बहू को नाग देवता के दर्शन करा दो” पापा ने उस आदमी से कहा । “ओह ! तो ये एक सपेरे हैं । और अमित ने शायद कल ही देख लिया नाग ” मैने सोचा । घर में पापा को सर्प वगैरह के काटे का इलाज आता है और उस इलाके में अक्सर साँप निकलते ही रहते हैं । मंदिर मे भी साँप होते हैं कभी कभी । इसलिये वहाँ नाग-अजगर मानो बड़ी बात है नहीं । इन्हें और भाई-बहनों को इसी वजह से डर भी नहीं लगता । कहो तो गले में डाल लें । पर भैया हमने तो नाग का ‘न’ भी नहीं देखा कभी । तो दर्शन के नाम से ही झुरझुरी हो आयी । पिटारा खुला । एक नाग और एक छोटी सी नागिन (जैसा कि सपेरे ने बताया ) ।
नागिन जितनी शांत , नाग उतना ही आक्रामक । उसकी साँस की आवाज़ और फ़ुँकार से मेरी तो कँपकँपी छूट रही थी । इतने में एक अजगर भी सपेरे ने निकाला और ज़मीन पर छोड़ दिया ।
अब कँपकँपी घिग्घी में बदल गयी थी । अमित और पापा लगे समझाने - बेटा कुछ नहीं कहेगा वो तुम्हें । खैर उसने कहा भी नहीं । नहीं तो हम चाय ना सुड़क रहे होते । वह सर्र गया मंदिर के चबूतरे पर और जहाँ जगह मिली वहीं एक शाखा से गाँठ लगा के बैठ गया । हमने चट्ट-चट्ट दो चार फोटो खीँच लिये । फिर कैमेरा अमित को थमा पूजा की तैयारी करने निकल पड़े । मम्मी ने कहा था १०८ बेलपत्र पर सीता-राम लिखना है । सो जुट गये काम में । पीले चंदन से हरे पत्तों पे लिखा सीता-राम कितना सुंदर दीख पड़ता था । संयोगवश मैनें भी पीली-हरी साड़ी पहनी थी ( जिसके बारे में अमित कहते हैं कि उसे पहन कर मैं ब्राज़ील का झंडा लगती हूँ ) । अमित की दीदी ने आ कर खिंचाई की - यार निधि, तुम तो पत्तों की एकदम मैचिंग लग रही हो । पहली बार पता लगा कि जितना सरल सोचा था उतना आसान नहीं था यह काम । घंटा लग गया लिखने में ।
अब तक जनता आ कर नाग पूजन आरंभ कर चुकी थी । वही नाग इतना शांत बैठा था कि क्या कहूँ । अब पापा ने हम दोनों को बुलाया पूजन के लिये । कहा - टीका लगाओ । हाय राम…नमस्कार से काम नहीं चलेगा क्या !! इतने लोगों के सामने रिरियाऊँ भी तो कैसे !! कुल मिला के हमारी नज़रों मे अपनी स्थिति दयनीय थी :(। पापा ने नाग देव को हाथों से पकड़ रखा था । अमित ने टीका लगाया । हमने भी राम-राम करते हुये टीका लगा दिया । देव हिले भी नहीं । जाने उनका क्रोध कहाँ चला गया था । हाथ जोड़ प्रार्थना की । अब नागिन की पूजा की बारी । वह तो सर्र-पर्र भाग रही थी । जैसे जैसे वह हिले वैसे वैसे हम । कुल मिला कर दोनो नगीना टाइप युगल नृत्य कर रहे थे । अन्तत: पापा ने उसे भी पकड़ा तो हमने पूजा की । इसके बाद भोले बाबा के अभिषेक की बारी । जल, दुग्ध, घृत, शहद, दही, शक्कर व पंचामृत से बाबा को स्नान कराया । उसके बाद ‘ऊँ नमः शिवाय’ के जाप के साथ पीतल के बने गो-मुख से जलाभिषेक और फिर मंत्रोच्चार के साथ बेलपत्र अर्पित किये । भोग लगा, हवन हुआ व फिर आरती । उसके बाद भंडारा था । धीरे धीरे शाम भी हो चली थी । साँध्यकालीन आरती बहुत ही मोहक रही । ढोलक, हारमोनियम, मँजीरे, घंटे और शंखनाद के स्वरों के साथ भक्तो के एक विशाल समूह ने जब गाना प्रारंभ किया तो मन हुआ कि यह कभी खत्म ही ना हो । क्या बच्चे, क्या बूढे़, सभी आँख मूँदे प्रार्थना में लीन । पंडित जी कब आरती का थाल ले सामने आ खड़े हुए, मुझे भान ही नहीं हुआ । फिर पापा ने सर्प विसर्जन किया । सर्प विसर्जन यानि सभी सर्पों को मुक्त करना । उसके बाद हम लोगों (दीदी (ननद), उनके बच्चे इत्यादि) ने झूले हथियाये । बड़े दिनों के
बाद झूला झूला । आत्मा प्रसन्न हो गयी । थोड़ी देर में सासु माँ भी काम निपटा आ गयीं थीं । मुझे देख कर बोलीं “अरे तुम तो बिल्कुल भी ऊँचा नहीं झूल पा रही, लाओ हम झुलायें” । ” हाँ निधि, मम्मी बहुत बढिया झुलाती हैं ” दीदी (ननद) बोलीं । हम थोड़ा हिचकिचाये, सासु माँ हमें झूला झुलायें….ठीक होगा क्या । पर मम्मी ने एक ना सुनी । दीदी और मम्मी ने खूब झुलाया ।

बड़ा मज़ा आया । जहाँ तन हल्की बारिश की नन्हीं बूँदो से भीग रहा था वहीं मन स्नेह से । फिर हम सबने पोज़ बना बना फोटो भी खिँचा डाले झूलों पर । इस बार घर के पेड़ से नीँबू, करौंदे भी तोड़े । पिछली बार जामुन और उससे पहले अमिया तोड़ने का आनंद लिया था । सच्ची, अपने हाथ से फ़ल तोड़ कर खाने में बड़ा सुख मिलता है । खैर, रात को ट्रेन थी वापसी की । सामान बटोरा और सारी चहल-पहल छोड़ वापस हो लिये । यहाँ यूँ तो हर तरह के संसाधन उपलब्ध हैं - ऊँची इमारतें, विशाल शॉपिंग मॉल्स, चौड़ी सड़कें, बड़ी गाड़ियाँ । नहीं है तो छोटे शहरों सी आत्मीयता, नहीं है हर छोटे-बड़े उत्सव पर मिल जुल कर संस्कृति को जीवंत करने की क्षमता । कब त्योहार आये और कब चले गये पता ही नहीं चलता । न सावन के झूले हैं, न फागुन के गीत, न पतंग, न लकड़ी और मिट्टी के रंग बिरंगे खिलौने, न मेला, न खेत ना आँगन । सोचती हूँ असली भारत इन बड़े शहरों में बसता ही कहाँ है । लगता है मानो जीवन की आपाधापी में हम जीवन के आनंद और अर्थ को ही छोड़ आये…कहीं दूर, बहुत पीछे …अपने छोटे शहरों और गावों मे ।
